Skip to main content

Vindhya First

विंध्य न्यूज़: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग 

विंध्य न्यूज़: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग 

विंध्य न्यूज़: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग

विंध्य न्यूज़: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विंध्य क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के भोपाल स्थित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव की मांग की है. उन्होंने इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 11703 रीवा-इंदौर एक्सप्रेस और 11704 इंदौर-रीवा एक्सप्रेस का निशातपुरा स्टेशन पर नियमित स्टॉपेज शुरू करने का आग्रह किया है.

उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि यह केवल एक अतिरिक्त स्टॉपेज का मामला नहीं है, बल्कि विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का व्यावहारिक समाधान साबित हो सकता है.

विंध्य न्यूज़: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग 
विंध्य न्यूज़: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग

विंध्य क्षेत्र से रोजाना बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचते हैं यात्री

पत्र में राजेंद्र शुक्ल ने उल्लेख किया है कि रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और आसपास के जिलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, रोजगार, व्यापार, चिकित्सा और शासकीय कार्यों के लिए भोपाल की यात्रा करते हैं.

उन्होंने बताया कि राजधानी से विंध्य क्षेत्र को जोड़ने वाली ट्रेनों में रेवांचल एक्सप्रेस पर सबसे अधिक दबाव रहता है. अधिकांश समय इस ट्रेन में लंबी वेटिंग रहती है, जिससे यात्रियों को मजबूरी में रीवा-इंदौर एक्सप्रेस से यात्रा करनी पड़ती है.

ऐसे में यदि इस ट्रेन का निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो जाता है, तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

निशातपुरा स्टेशन बनने के बाद बढ़ा महत्व

डिप्टी CM ने पत्र में बताया कि भोपाल में विकसित हुए निशातपुरा रेलवे स्टेशन का महत्व लगातार बढ़ रहा है. वर्तमान में कई ट्रेनों का संचालन और ठहराव इस स्टेशन से किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के यहां रुकने से भोपाल के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी. इससे उन्हें भोपाल जंक्शन तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यात्रा का समय तथा अतिरिक्त खर्च दोनों कम होंगे.

भोपाल जंक्शन पर भी कम होगा दबाव

राजेंद्र शुक्ल ने रेलवे प्रशासन को भेजे पत्र में यह भी तर्क दिया है कि यदि रीवा-इंदौर एक्सप्रेस का ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर शुरू किया जाता है, तो इससे भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम होगा.

इसके साथ ही रेलवे संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सकेगा.

 यह भी पढ़े- गाली देने पर केस कब बनता है? जानिए BNS में क्या कहता है कानून

यात्रियों की लंबे समय से रही है मांग

विंध्य क्षेत्र के यात्रियों की ओर से लंबे समय से यह मांग उठाई जाती रही है कि रीवा-इंदौर एक्सप्रेस का ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर भी किया जाए. इससे भोपाल के कई क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा और यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन पर खर्च नहीं करना पड़ेगा.

डिप्टी CM द्वारा रेलवे जीएम को पत्र लिखे जाने के बाद अब यात्रियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय ले सकता है.

रेलवे के फैसले पर टिकी निगाहें

फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है. अब विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों की निगाहें रेलवे के अगले कदम पर टिकी हैं. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा के दौरान बड़ी राहत मिल सकती है.

रिपोर्ट: हीरो गुप्ता 

 यह भी पढ़े-Rewa: जन चौपाल में नशा मुक्त समाज का दिलाया संकल्प