Table of Contents
Toggleरीवा: 2,286 टीबी मरीजों को मिलेगा पोषण आहार
रीवा: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है. निक्षय भारत अभियान के तहत जिले के 2,286 क्षय (टीबी) रोगियों को अगले छह माह तक पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, उपमुख्यमंत्री ने स्वयं 100 टीबी मरीजों के पोषण आहार की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया है.
निक्षय भारत अभियान के तहत मिलेगा पोषण आहार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग लगातार निक्षय भारत अभियान चला रहा है. इस अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर उपचार के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है, ताकि वे जल्दी स्वस्थ हो सकें.
रीवा जिले में इसी अभियान के तहत सभी पंजीकृत टीबी मरीजों को अगले छह माह तक फूड बास्केट प्रदान की जाएगी.
100 मरीजों की जिम्मेदारी स्वयं उठाएंगे डिप्टी CM
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 100 टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक फूड बास्केट उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है. इसके लिए उन्होंने विधायक निधि से 3 लाख 60 हजार रुपये स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराए हैं.
इस राशि से चयनित मरीजों को नियमित रूप से पोषण आहार दिया जाएगा, जिससे उनके उपचार में सहायता मिल सके.
यह भी पढ़े- पार्सल फ्रॉड का जाल: एक कॉल और खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट
कोई भी बन सकता है निक्षय मित्र
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि निक्षय मित्र बनकर कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकता है.
इस पहल का उद्देश्य समाज की भागीदारी बढ़ाकर टीबी मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है.
टीबी मुक्त रीवा की दिशा में अभियान जारी
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मरीजों की समय पर पहचान, उपचार और पोषण सहायता के माध्यम से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण का लक्ष्य रखा गया है.
प्रशासन को उम्मीद है कि जनभागीदारी और निक्षय मित्रों के सहयोग से टीबी उन्मूलन अभियान को और मजबूती मिलेगी.
रिपोर्ट: हीरो गुप्ता
यह भी पढ़े- Rewa: जन चौपाल में नशा मुक्त समाज का दिलाया संकल्प