Skip to main content

Vindhya First

मऊगंज: हाईवे पर ट्रक चालक से कथित लूट, UPI से ₹5 हजार ट्रांसफर

मऊगंज: हाईवे पर ट्रक चालक से कथित लूट, UPI से ₹5 हजार ट्रांसफर

मऊगंज: हाईवे पर ट्रक चालक से कथित लूट, UPI से ₹5 हजार ट्रांसफर

मऊगंज: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में हाईवे पर दिनदहाड़े कथित लूट की घटना सामने आई है. सीतापुर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक ने तीन युवकों पर चाकू की नोक पर रुपये वसूलने और मोबाइल लूटने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले नकदी मांगी और पैसे नहीं मिलने पर चालक के मोबाइल से UPI के माध्यम से ₹5 हजार अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद चालक के भतीजे का मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

केला लेकर बनारस जा रहा था ट्रक

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सीधी जिले के लदबद निवासी राजकुमार पटेल अपने क्लीनर रोहित कुमार पटेल और भतीजे राकेश कुमार पटेल के साथ ट्रक क्रमांक MP-53 ZE-3087 से भुसावल से केला लेकर बनारस जा रहे थे.

बताया गया कि दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रक सीतापुर से आगे महुगड़ा स्थित बल्लू ढाबे के पास पहुंचा. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक ट्रक के सामने आ गए और ओवरटेक कर वाहन रुकवा लिया.

चाकू दिखाकर पैसे मांगने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ट्रक रुकते ही युवकों ने चालक को चाकू दिखाया और नकदी की मांग की. चालक ने जब अपने पास नकद रुपये नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी.

एफआईआर के अनुसार, पहले ₹3 हजार और फिर ₹2 हजार UPI के माध्यम से अपने स्कैनर पर ट्रांसफर कराए गए. शिकायतकर्ता का कहना है कि चाकू की धमकी के कारण वह विरोध नहीं कर सका.

यह भी पढ़े- उमरिया: पटवारी हड़ताल से सीमांकन और गिरदावरी के काम प्रभावित

मोबाइल फोन भी छीनकर भागे आरोपी

शिकायत में यह भी कहा गया है कि रुपये ट्रांसफर कराने के बाद आरोपी ट्रक चालक के भतीजे राकेश कुमार पटेल का ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी छीनकर मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद ट्रक चालक और उसके साथियों ने आसपास मौजूद लोगों से जानकारी ली. उनका दावा है कि स्थानीय लोगों ने आरोपियों की पहचान सोहित द्विवेदी, अर्पित तिवारी और चंदन सिंह के रूप में बताई.

थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

वारदात के बाद पीड़ित सीधे सीतापुर थाना पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. साथ ही UPI ट्रांजेक्शन के माध्यम से भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

हाईवे सुरक्षा पर उठे सवाल

दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस कथित वारदात ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि हाईवे पर चलने वाले ट्रक चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है.

व्यापारिक माल लेकर लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालक अक्सर सुनसान इलाकों से गुजरते हैं. ऐसे में इस तरह की घटनाएं उनके लिए चिंता का विषय बन रही हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

मऊगंज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने बताया कि ट्रक चालक की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

मऊगंज: हाईवे पर ट्रक चालक से कथित लूट, UPI से ₹5 हजार ट्रांसफर
मऊगंज: हाईवे पर ट्रक चालक से कथित लूट, UPI से ₹5 हजार ट्रांसफर

रिपोर्ट: लवकेश सिंह गहरवर 

यह भी पढ़े- रीवा/भोपाल: EWS अभ्यर्थियों की राज्यपाल से बड़ी मांग