Skip to main content

Vindhya First

झारखंड के शहरों में 2027 से बढ़ेगा हरित क्षेत्र, सड़क किनारे लगेंगे पौधे और बनेंगे नए पार्क

 रांची
 नगर विकास विभाग ने राज्य के सभी नगर निगम प्रबंधन को जमशेदपुर की तरह स्वच्छता मानक अपनाकर राष्ट्रीय रैंकिंग में आने का सुझाव दिया है। इसके लिए जल्द ही एक गाइडलाइन भी जारी की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में कचरा निस्तारण को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार की तरफ से उन्हें 1.5 करोड़ की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी।

राज्य सरकार अपने शहरों की स्वच्छता रैंकिंग कराने पर भी विचार कर रही है। वायु प्रदूषण रोकने के साथ स्वच्छता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली जाएगी। एआइ की सहायता से प्रदूषण वाले क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई और इसे रोकने में आसानी होगी। वायु प्रदूषण रोकने में पिछले दिनों धनबाद ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कोयला उत्पादन से जुड़े उद्योगों के बाद भी धनबाद की इस सफलता को भी दूसरे शहरों में अपनाया जाएगा।

2027 में शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ेगा
नगर विकास विभाग ने साल 2027 में राज्य के शहरों में हरित क्षेत्र के विकास की नई योजना बनाई है। इसमें नए पार्कों के अलावा शहर की आंतरिक सड़कों के किनारे छोटे पौधे लगाए जाएंगे। अगले तीस सालों के लिए शहरों में हरित क्षेत्र के विकास की योजना नए साल में प्रारंभ होगी। इनमें से तीस प्रतिशत हरित क्षेत्र वर्षा जल को भूगर्भ में संरक्षित करने वाले बनाए जाएंगे।