Skip to main content

Vindhya First

उत्तराखंड पुलिस की वर्दी होगी अपडेट, बैज से लेकर टोपी तक नया डिजाइन

देहरादून.

उत्तराखंड पुलिस की वर्दी और पहचान में बदलाव की तैयारी है। पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगने वाला इनसिग्निया (प्रतीक चिह्न) बदला जाएगा। इसके साथ ही पुलिस की टोपी पर लगने वाले प्रतीक चिह्न (फॉरमेशन साइन) में भी बदलाव किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश पुलिस वर्दी की तरह छाती पर एक बैच लगाया जाएगा। इसके साथ ही स्थापना दिवस के बाद पुलिस ध्वज में भी बदलाव किए जाने की तैयारी है। इन बदलावों के जरिए पुलिस की पहचान को नया स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

प्रतीक चिन्ह अलग पहचान बनाएगा –
प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी के तहत उत्तराखंड पुलिस को अपना विशिष्ट पुलिस निशान और शोल्डर बैज मिलेगा। इसके बाद पुलिस के जवानों की वर्दी पर यह प्रतीक चिन्ह उनकी अलग पहचान बनाएगा। खास बात यह है कि डीजीपी से लेकर कांस्टेबल तक पुलिसकर्मियों की वर्दी पर यह प्रतीक चिन्ह लगाया जाएगा।

दूर से ही अलग दिखेगी उत्तराखंड पुलिस
नए प्रतीक चिन्ह और शोल्डर बैज के बाद उत्तराखंड पुलिस के जवानों की पहचान और अधिक विशिष्ट होगी। वर्दी पर लगे नए बैज से पुलिसकर्मी पीआरडी और होमगार्ड के जवानों से अलग नजर आएंगे। इसे उत्तराखंड पुलिस की संस्थागत पहचान और गौरव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

परेड और आयोजन स्थल पर जल्द शुरू होंगी तैयारियां
सूत्रों के अनुसार सेरेमनी को लेकर जल्द ही परेड की तैयारियां और आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं शुरू की जा सकती हैं। पुलिस मुख्यालय स्तर पर आयोजन की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। हाल ही में गोवा में प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी हुई थी। अब उत्तराखंड की बारी मानी जा रही है। संभावित कार्यक्रम को लेकर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में आयोजन की संभावना जताई जा रही है।